


रुड़की में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी और पशु क्रूरता के मामलों में शामिल गैंग पर शिकंजा कसा है। रुड़की कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के सख्त निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उनका कहना है कि जिले में रहना है तो अपराध का रास्ता छोड़ना होगा, अन्यथा जेल जाना तय है।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विष्ट के नेतृत्व में टीम ने गोकशी और पशु क्रूरता के मामलों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कुल पांच आरोपितों को चिन्हित किया गया, जिनमें से तीन को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद पुत्र बांदा निवासी जौरासी जबरदस्तपुर, परवेज पुत्र महमूद निवासी इमली रोड और साहिल पुत्र शमीम निवासी धोबी वाली गली, इमली रोड, रुड़की के रूप में हुई है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि जनपद में सक्रिय आदतन और पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार की गई है। आने वाले समय में इन सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
