21 नवंबर को जीआईसी रुड़की में होगी जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी

रुड़की। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए 21 नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) रुड़की में जिला स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें जिले के छह ब्लॉकों के 216 छात्र-छात्राएं विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जिला विज्ञान समन्वयक डॉ. रविंद्र चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में रुड़की, लक्सर, खानपुर, नारसन, भगवानपुर और बहादराबाद ब्लॉक के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। प्रत्येक ब्लॉक से 36 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता में विज्ञान जूनियर, विज्ञान सीनियर और विज्ञान ड्रामा (नाट्य) सहित तीन वर्ग रखे गए हैं।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थी विज्ञान से संबंधित विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक समझ और प्रयोगात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, विज्ञान ड्रामा के माध्यम से छात्र-छात्राएं रोचक नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए वैज्ञानिक तथ्यों और सामाजिक समस्याओं को सामने रखेंगे।

डॉ. चौहान ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ना और उनमें वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों के मॉडल और विचारों से सीखने का अवसर भी मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके तहत 27 और 28 नवंबर को एससीईआरटी देहरादून में राज्य स्तरीय विज्ञान ड्रामा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले से चयनित टीम प्रतिभाग करेगी।