हरिद्वार। ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब (रजि०) की ओर से स्थानीय होटल लज्जा पैलेस में दीपावली का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य समारोह में प्रेस क्लब से जुड़े तमाम पत्रकारों और पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा एक-दूसरे को दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं देते हुए समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जहां उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वमंगल, सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। इसके पश्चात सभी पत्रकारों ने दीपावली की खुशियां साझा करते हुए एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और उपहार भेंट किए। पूरे कार्यक्रम के दौरान गजब का उत्साह, उल्लास और आत्मीयता का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकारों को संबोधित करते हुए ज्वालापुर-हरिद्वार प्रेस क्लब के अध्यक्ष बाबर खान ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता में छिपी एकता है और हमारे त्योहार समाज को एक सूत्र में पिरोने का काम करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि धर्म और विचारधाराएं भले ही अलग हों, लेकिन इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारा ही हम सभी की मुख्य पहचान है।
प्रेस क्लब के महामंत्री बिक्रमजीत सिंह ने पर्व के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल रोशनी का पर्व नहीं है, बल्कि यह असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह त्योहार हमें सभी आपसी मतभेदों को भुलाकर एकता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
वहीं उपाध्यक्ष नौशाद अली ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से संगठन के सभी सदस्यों के बीच परस्पर आत्मीयता बढ़ती है और संगठन को नई मजबूती प्राप्त होती है।
समारोह के समापन पर सभी पत्रकारों ने समाज में सकारात्मकता, शांति और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष बाबर खान, महामंत्री बिक्रमजीत सिंह, उपाध्यक्ष नौशाद अल, कोषाध्यक्ष मो० दानिश कुरैशी के साथ-साथ मुनीश शर्मा, आदित्य त्यागी, रोहन कुमार, अमित वर्मा, अभिषेक कश्यप, प्रीति अग्रवाल और प्रीतम सिंह, गोपाल शर्मा सहित अनेक पत्रकार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
