देहरादून। नंदा गौरा योजना के तहत अब तक लाभ से वंचित रह गईं पात्र बालिकाओं को आवेदन का अवसर दिया गया है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र बालिकाओं के आवेदन 30 नवंबर तक स्वीकार किए जाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, नंदा गौरा योजना और प्रस्तावित मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों का निस्तारण जल्द किया जाए। योजना के तहत दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक पात्र महिलाओं को पहली किस्त जारी करने की तैयारी पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और आवेदनों के निस्तारण में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि महिलाएं अपना स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
बैठक में वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लाभार्थियों, उनके द्वारा शुरू किए गए स्वरोजगार कार्यों की स्थिति तथा लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
