हरिद्वार में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति, 2027 के चुनावी रण की बनेगी रणनीति

हरिद्वार में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति, 2027 के चुनावी रण की बनेगी रणनीति

प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित होगी। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के साथ संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि कार्यसमिति के पहले दिन 21 नवंबर को प्रदेश के सभी मोर्चों की संयुक्त कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी। इसमें अब तक संपन्न हो चुके और वर्तमान में संचालित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी कार्यक्रमों और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मोर्चों की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा कर रणनीति तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 21 नवंबर की शाम प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी होगी। इसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया जाएगा।

कार्यसमिति के दूसरे दिन 22 नवंबर को विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी। इसमें प्रदेश पदाधिकारी बैठक में तय की गई कार्ययोजना और आगामी चुनावी रणनीति पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

वहीं, इससे पहले 15 नवंबर को मसूरी में प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इसमें दिसंबर माह में होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों से संबंधित कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा।