देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को आयोजित होने वाली विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। उनके दौरे को पार्टी की चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सोमवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बैठक की तैयारियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
बैठक में पहले दिन आयोजित होने वाली संयुक्त मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों की बैठक को लेकर संबंधित प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्रियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, दूसरे दिन होने वाली प्रदेश कार्यसमिति में शामिल होने वाले पदाधिकारियों, विधायकों, दायित्वधारियों तथा निकाय और पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों तक कार्यक्रम से जुड़ी सभी जानकारियां पहुंचाने को कहा गया।
प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कहा कि राज्य गठन के बाद भाजपा ने अधिकांश विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की है। केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार ने विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। अब इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में लगातार तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार से भाजपा की चुनावी रणनीति का आगाज होगा और यहां से निकला संदेश पूरे प्रदेश में पहुंचेगा।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों में सरकार ने अनेक विकास कार्य किए हैं। अब अगले तीन महीने इन उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक परिस्थितियां चाहे जैसी हों, पार्टी को किसी भी चुनौती को हल्के में नहीं लेना चाहिए। सभी राजनीतिक दल एकजुट होकर भी मुकाबले में आएं तो भाजपा कार्यकर्ताओं को पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरना होगा।
भट्ट ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन संगठन के लिए महत्वपूर्ण रहेगा और इससे कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर नई दिशा मिलेगी।
प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने विभिन्न मोर्चों के कार्यक्रमों की समीक्षा की और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने बूथ सशक्तीकरण अभियान को शक्ति केंद्र स्तर पर जल्द पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
