इस्तीफे का प्रकरण खत्म, कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे हरीश रावत

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पार्टी में पद और प्रतिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। पार्टी के सभी पदों से इस्तीफे की पेशकश के बाद सोमवार को उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के बाद हरीश रावत ने इस्तीफे के मुद्दे पर कहा कि अब यह पुरानी बात हो चुकी है। गंगा में काफी पानी बह चुका है और सब कुछ साफ हो गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी से अलग-अलग मुलाकात के दौरान उन्होंने उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनाव में पार्टी की रणनीति पर अपने विचार रखे।

रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के सामने चुनावी रोडमैप भी रखा है। पार्टी को जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पूरी ताकत के साथ जनता के बीच पहुंचना होगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस को इस माहौल का लाभ उठाने के लिए सुनियोजित तरीके से काम करना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश को चार राजनीतिक जोन में विभाजित कर अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय मुद्दों पर विशेष ध्यान देने का सुझाव दिया। उनके प्रस्ताव के अनुसार देहरादून और हरिद्वार को एक जोन, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल को दूसरा, अल्मोड़ा को तीसरा तथा टिहरी और पौड़ी को चौथा जोन बनाया जाना चाहिए।

रावत का मानना है कि क्षेत्रवार रणनीति तैयार कर स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता देने से पार्टी को चुनावी तैयारियों में मदद मिलेगी। दिल्ली में हुई इस मुलाकात के बाद उनके इस्तीफे को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लगता दिखाई दे रहा है।