भीषण गर्मी के चलते देहरादून में पहली बार ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित, सभी स्कूल बंद

उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद बीते ढाई दशकों में देहरादून के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कभी ठंडे और सुहावने मौसम के लिए पहचाने जाने वाले इस शहर में अब गर्मी का असर इतना बढ़ गया है कि प्रशासन को अभूतपूर्व कदम उठाने पड़े हैं।

भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने रविवार दोपहर को ही सोमवार के लिए जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। यह पहली बार है जब गर्मियों के कारण इस तरह का आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, ताकि बच्चों को लू और तेज गर्मी से बचाया जा सके।

जिलाधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को दिनभर तेज गर्मी और लू चलने की संभावना है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि, इससे पहले कुछ निजी स्कूल अपने स्तर पर ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ाने जैसे कदम उठा चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर यह पहला बड़ा फैसला है।

प्रशासन ने स्कूलों को पहले ही निर्देश दिए हैं कि परिसर में ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा शहर में लगे सार्वजनिक प्याऊ और वाटर कूलरों की नियमित जांच के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

मौसम के इस बदले मिजाज ने देहरादून की पहचान पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां कभी हल्की बदली भी ठंडक का एहसास कराती थी। अब हालात ऐसे हैं कि लोगों को गर्मी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।