चारधाम यात्रा और आपदा प्रबंधन को लेकर सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री से की अहम मुलाकात

Delhi: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर उत्तराखंड से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के दौरान एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में काफी बढ़ोतरी होती है। इस अवधि में राज्य को करीब 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मानसून सीजन के दौरान आने वाली प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जून से सितंबर के बीच राज्य को हर वर्ष आपदाओं का सामना करना पड़ता है और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों के लिए एलपीजी गैस बेहद अहम भूमिका निभाती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत यानी लगभग 48,397 सिलेंडरों का अतिरिक्त आवंटन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, ताकि आपदा के समय राहत कार्यों को तेजी और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।