


एनआईटी श्रीनगर के बीटेक तृतीय वर्ष (कंप्यूटर साइंस) के छात्र आनंद सोहन के अलकनंदा नदी में डूबने के बाद अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से आक्रोशित छात्रों ने सोमवार को संस्थान परिसर में प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी।
मूल रूप से तेलंगाना निवासी आनंद सोहन रविवार, 26 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ अलकनंदा नदी तट पर गए थे। इसी दौरान नहाते समय वह नदी में डूब गए। घटना के बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।

छात्रों का आरोप है कि सर्च ऑपरेशन में देरी और संसाधनों की कमी के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। चिलचिलाती धूप में धरने पर बैठे छात्रों ने प्रशासन और बचाव दलों पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि तलाशी अभियान में एनडीआरएफ को भी शामिल किया जाए, ताकि खोज अभियान तेज और प्रभावी हो सके।
घटना के समय मौजूद छात्र अमन ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद 112 पर सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन एसडीआरएफ टीम के पास करीब डेढ़ घंटे तक कोई जरूरी उपकरण नहीं थे। छात्रों का कहना है कि बचाव दल यात्रा ड्यूटी में व्यस्त होने का हवाला देता रहा, जिससे समय पर कार्रवाई नहीं हो सकी।
फिलहाल, छात्र अपने साथी को खोजने के लिए तेज और बेहतर सर्च ऑपरेशन की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से मामले की जांच और बचाव कार्य जारी रखने की बात कही जा रही है।
