नौ साल के बाद मनेगी दिवाली,सऊदी अरब जेल से घर वापस आ रहे इंद्रमणी नौटियाल

देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के इंद्रमणि नौटियाल के परिवार के लिए आखिरकार खुशियों की घड़ी आने वाली है। करीब नौ साल तक सऊदी अरब में कानूनी प्रक्रिया और जेल की मुश्किलों का सामना करने के बाद इंद्रमणि अब अपने देश और घर लौटने जा रहे हैं। उनकी वतन वापसी की जानकारी अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने साझा की है। उनकी रिहाई के लिए करीब 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल की राशि जुटाई गई, जो भारतीय मुद्रा में लगभग ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सड़क हादसे के बाद कानूनी मुश्किलों में फंसे

उत्तरकाशी जिले के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वे ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। वर्ष 2019 में उनके ट्रक और एक कार के बीच भीषण दुर्घटना हो गई। इस हादसे में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया था। इसके बाद मामला अदालत पहुंच गया और इंद्रमणि कानूनी कार्रवाई के चलते भारत वापस नहीं लौट सके। उन्हें जेल में रहना पड़ा।

रिहाई के लिए जमा करनी थी करोड़ों की रकम

अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के मुताबिक, यह मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया अदालत में चला। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को मुआवजे के रूप में बड़ी रकम देने का फैसला सुनाया गया था। बताया गया कि ट्रक का बीमा नहीं था, जिस कारण मामले में वाहन मालिक की जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठे। इंद्रमणि ने हादसे वाले दिन बिना बीमा ट्रक चलाने से इनकार किया था, लेकिन आरोप है कि मालिक ने उन्हें ट्रक लेकर जाने के लिए मजबूर किया था।

बेटी की अपील पर लोगों ने बढ़ाए मदद के हाथ

इंद्रमणि की रिहाई के लिए उनकी बेटी दीपिका और परिवार के अन्य सदस्यों ने लगातार प्रयास किए। परिजनों ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद उत्तरकाशी सहित पूरे उत्तराखंड से लोगों ने आर्थिक सहयोग देना शुरू किया। क्राउड फंडिंग के माध्यम से जरूरी रकम जुटाई गई। उत्तराखंड सरकार की ओर से भी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई, जबकि गांव के लोगों और अन्य सहयोगियों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार योगदान दिया।

रोशन रतूड़ी की भूमिका भी रही अहम

इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई और भारत वापसी की प्रक्रिया में अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लंबे समय तक चले प्रयासों और लोगों के आर्थिक सहयोग से आखिरकार उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो सका है। करीब नौ साल बाद इंद्रमणि की घर वापसी की खबर से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।