प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप बने पंतनगर विश्वविद्यालय के नए कुलपति

Dehradun: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रो. शिवेन्द्र कुमार कश्यप को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर का नया कुलपति नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, तक के लिए प्रभावी रहेगी।

प्रो. कश्यप वर्तमान में विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में कार्यरत हैं और लंबे समय से कृषि शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। वे एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद के रूप में जाने जाते हैं और उन्हें आईसीएआर सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

उन्होंने अपने करियर में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जिनमें प्रोफेसर, कृषि संचार विभागाध्यक्ष, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता और विश्व बैंक पोषित एनएएचईपी परियोजना के प्रधान अन्वेषक (PI) शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने डीएसटी-टीईसी परियोजना सहित कई अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं में भी नेतृत्वकारी भूमिका निभाई है।

प्रो. कश्यप का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर के ‘लीप’ (लीडरशिप इन एजुकेशन) कार्यक्रम के लिए भी किया गया था। इस कार्यक्रम के तहत उन्होंने हैदराबाद विश्वविद्यालय और ऑस्ट्रेलिया के मोनाश विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

वर्ष 2019 से वे पंतनगर विश्वविद्यालय की रैंकिंग टीम के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने आईसीएआर रैंकिंग में राज्य कृषि विश्वविद्यालयों के बीच प्रथम स्थान हासिल किया और आईसीएआर सर्वश्रेष्ठ संस्थान पुरस्कार भी प्राप्त किया।