


हरिद्वार। सप्तऋषि क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना शांतिकुंज के पास हाईवे पर हुई। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का दल गंगा स्नान के बाद अपने गृह राज्य लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को बैक किया जा रहा था। अचानक चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन उसका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में घुस गया। हादसे में वहां खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकवर पत्नी भंवर सिंह निवासी नागौर, राजस्थान को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य यात्रियों का उपचार जारी है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
