विशेष कांवड़ लेकर लौट रहे युवक को गोली मारी, हालत गंभीर

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा लौट रहे एक कांवड़ यात्री को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

घटना रविवार देर रात गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के निकट हाईवे किनारे हुई। पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी अजय अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल लौट रहा था। देर रात होने के कारण उनका दल हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुका हुआ था।

बताया गया है कि इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर मौजूद कुछ युवकों और कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। पुल पर मौजूद युवक शोर-शराबा कर रहे थे, जिस पर कांवड़ियों ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक पुल से नीचे आए और कांवड़ियों के पास पहुंच गए। इसी दौरान एक युवक ने अजय पर फायरिंग कर दी। गोली उसके कंधे में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार अजय जिस दल के साथ यात्रा कर रहा था, वह गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर हरिद्वार से नोएडा जा रहा था। दल में करीब 10 सदस्य शामिल थे और उन्हें लगभग 240 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी करनी थी।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि जल्दबाजी में वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई और क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।