चाऊमीन खा रहे मजदूर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर

रुड़की। क्षेत्र में एक दुकान पर चाऊमीन खा रहे 24 वर्षीय मजदूर पर तीन युवकों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की है। घायल युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है और उसका उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढंडेरा निवासी सुरेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र राहुल मजदूरी का काम करता है। शनिवार शाम वह क्षेत्र की एक दुकान पर चाऊमीन खा रहा था। इसी दौरान तीन युवक धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए राहुल पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने राहुल की छाती, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने अभिषेक निवासी रुड़की समेत तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।