


व्यंकटेश नगर, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर श्रीराम बाल संस्कार शाला द्वारा व्यंकटेश नगर परिसर में एक भव्य जन-जागृति पैदल रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य समाज को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।
रैली में नन्हे मुन्ने बच्चों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “देखा देखी किया नशा , आदत बिगड़ी बुरा फंसा ” जैसे नारों के माध्यम से जनसामान्य को जागरूक किया। रैली व्यंकटेश नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां नागरिकों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लोगों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। रैली के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिसे स्थानीय नागरिकों ने सराहा।
