रुड़की। नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले एक बंद स्कूल में कथित रूप से अवैध टेंट कारोबार किए जाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। करीब एक माह पहले स्कूल के कमरों पर लगाई गई नगर निगम की सील मंगलवार को टूटी हुई मिली। आशंका जताई जा रही है कि सील तोड़कर वहां रखा टेंट का सामान बाहर निकाला गया है। मामले में नगर निगम और पार्षद पंकज सतीजा की ओर से पुलिस को तहरीर देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पहले बंद पड़े स्कूल के कमरों में बड़ी मात्रा में टेंट का सामान रखा होने का मामला सामने आया था। आरोप था कि स्कूल परिसर का इस्तेमाल बिना अनुमति टेंट का कारोबार करने के लिए किया जा रहा था। उस समय यह भी चर्चा सामने आई थी कि नगर निगम के किसी कर्मचारी की कथित मिलीभगत से यहां सामान रखा गया था और इसके एवज में हर माह करीब 90 हजार रुपये किराया लिया जा रहा था।
मामले का खुलासा होने के बाद नगर निगम ने स्कूल के कमरों पर सील लगा दी थी। हालांकि, अब तक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने और कथित किराये की वसूली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मंगलवार को सील टूटी मिलने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया। पार्षद पंकज सतीजा ने पुलिस से पूरे प्रकरण की जांच कर सील तोड़ने वालों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बंद स्कूल में नगर निगम की सील टूटी मिलने से मचा हड़कंप, टेंट कारोबार का मामला फिर सुर्खियों में
