

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गौरीकुंड से आगे छौड़ी गधेरे के समीप सोमवार सुबह खाई में गिरने से महाराष्ट्र निवासी यात्री की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 10:06 बजे हुआ। मृतक की पहचान यशवंत किसनराव थोरात (59) निवासी गणेशनगर, पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार यशवंत किसनराव थोरात केदारनाथ यात्रा पर आए थे। सोमवार सुबह छौड़ी गधेरे के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खाई में गिर गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ सोनप्रयाग, सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड, डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। यात्री को खाई से निकालकर गौरीकुंड स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतक का शव जिला अस्पताल लाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
