निजी व्यापार में लिप्त शिक्षक निलंबित, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

पौड़ी। विकासखंड थलीसैंण के राजकीय प्राथमिक विद्यालय पीपलकोट में तैनात सहायक अध्यापक राजेंद्र कुमार को गंभीर अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि शिक्षक सरकारी सेवा में रहते हुए निजी व्यापार संचालित कर रहे थे और विद्यालयी कार्यों में लापरवाही बरत रहे थे।

उप शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि संबंधित शिक्षक बूंगीधार में “गढ़वाल बुक डिपो” नाम से दुकान संचालित करते हैं। साथ ही वे क्षेत्र के विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों पर अपनी दुकान से पाठ्य सामग्री खरीदने का दबाव बनाते थे और कमीशन का प्रलोभन भी देते थे।

मामले की पुष्टि क्षेत्र के तीन विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों द्वारा लिखित रूप में की गई है। इसके अलावा वर्ष 2009-10 में एक प्रधानाध्यापक से जीवन समृद्धि योजना के नाम पर ₹30,000 लेने और अब तक राशि वापस न करने का भी आरोप है।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रों का शैक्षिक स्तर निम्न पाया गया। यह भी सामने आया कि शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते थे और समय से पहले ही विद्यालय छोड़ देते थे।

जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट ने बताया कि कर्मचारी आचरण नियमावली, अध्यापक सेवा नियमावली और आरटीई अधिनियम के उल्लंघन के चलते शिक्षक को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, थलीसैंण से संबद्ध किया गया है।