किसान यूनियन नेता के पुत्र पर जानलेवा हमला, 11 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

रुड़की। भारतीय किसान यूनियन तोमर के राष्ट्रीय सचिव तालिब के पुत्र पर कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में 11 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी पुलिस के कब्जे में है।

पीड़ित राशिब, निवासी गांव रामपुर ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह गांव में बिजली की दुकान चलाते हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान कदीर, निवासी लाठरदेवा, अपने 10 से अधिक साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर दुकान के बाहर पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार, एक बच्चे ने उन्हें पहले ही संभावित हमले की सूचना दी थी, जिससे वे सतर्क हो गए थे। लेकिन इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागे। हालांकि वह गोली लगने से बच गए, लेकिन आरोपियों ने उनकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ की।

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले को आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

इंस्पेक्टर मणि भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मास्टर, इंतखाब (निवासी माधोपुर), अखलाक, आजम, आलम (निवासी नगला कुबड़ा) और कदीर समेत कुल 11 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।