


देहरादून। कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।
मृतक की पहचान सकल देव साहनी, निवासी सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी के लिए देहरादून आया था और कांवली गांव में अन्य साथियों के साथ रह रहा था। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ लेबर चौक की ओर काम की तलाश में जा रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग के साथ-साथ डंपर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक नोकझोंक चलती रही। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि लोगों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है और आरोपी डंपर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
