बिजली चोरी के मुकदमों के विरोध में सुराज सेवा दल का प्रदर्शन, थाली बजाकर जताया रोष

रुड़की। बिजली चोरी के मुकदमे दर्ज किए जाने और अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर मंगलवार को सुराज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अभियंता (शहर) कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर विरोध जताया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बिजली चोरी के नाम पर निर्दोष उपभोक्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि जिन मामलों में कार्रवाई की गई, उनमें नियमानुसार वीडियोग्राफी तक नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि एक पीड़ित उपभोक्ता कई बार विभागीय और उच्च अधिकारियों से शिकायत कर चुका है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।

सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विभाग छोटे और गरीब उपभोक्ताओं का उत्पीड़न कर रहा है, जबकि बड़े उपभोक्ताओं को संरक्षण दिया जा रहा है। उनका कहना था कि छापेमारी के नाम पर गरीब परिवारों को परेशान किया जा रहा है और विभाग की कार्यप्रणाली पक्षपातपूर्ण है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया का भी विरोध किया। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं पर जबरन थोपे जा रहे हैं, जबकि जनप्रतिनिधियों और बड़े अधिकारियों के सरकारी आवासों पर इन्हें नहीं लगाया गया है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए और उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में इंतजार प्रधान, साबिर राणा, रईस, राशिद, खलील सहित सुराज सेवा दल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।