


देहरादून/रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ हेली सेवा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग का दूसरा स्लॉट जून के पहले सप्ताह में खोले जाने की तैयारी की जा रही है। इस चरण में 15 जून के बाद की यात्रा के लिए श्रद्धालु टिकट बुक करा सकेंगे। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी के चलते प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया। मौसम में सुधार होने के बाद यात्रियों को आगे भेजा गया।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने केदारनाथ हेली सेवा के लिए पहला बुकिंग स्लॉट 15 अप्रैल को खोला था। इसके तहत 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की गई थी। बुकिंग शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही 33 हजार से अधिक टिकट बुक हो गए थे।

यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि 15 जून के बाद की यात्रा के लिए जल्द ही दूसरा बुकिंग स्लॉट खोला जाएगा। इसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी ताकि श्रद्धालु समय रहते अपनी यात्रा की योजना बना सकें।
इधर, मौसम विभाग ने रुद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश, आंधी-तूफान और खराब मौसम की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया था।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट के कारण यात्रा को एहतियातन रोका गया। पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और अन्य राहत एवं बचाव एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मौसम सामान्य होने पर यात्रा को फिर से सुचारू कर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा लगातार मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की निगरानी कर रहे हैं। सोनप्रयाग, गौरीकुंड सहित संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे न जाने दिया जाए। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी प्राप्त करते रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
