आईआईटी रुड़की ने जीता ‘ऑल सर्विस क्रिकेट डिपार्टमेंट टूर्नामेंट’, सौरभ बास बने जीत के हीरो

रुड़की स्थित आईआईटी रुड़की के क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए ‘ऑल सर्विस क्रिकेट डिपार्टमेंट टूर्नामेंट’ के रोमांचक फाइनल मुकाबले में आईआईटी रुड़की की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। 12 मार्च 2026 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट का समापन 26 अप्रैल को डे-नाइट फाइनल मैच के साथ हुआ।

फाइनल मुकाबला केदार-11 एडवोकेट और आईआईटी रुड़की के बीच खेला गया। केदार-11 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन आईआईटी के अनुशासित गेंदबाजी आक्रमण के सामने उनकी टीम ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पूरी टीम 114 रनों पर सिमट गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईआईटी रुड़की की शुरुआत संघर्षपूर्ण रही। केदार-11 के गेंदबाजों, खासकर प्रदीप और सुदीप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट झटके और मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि, एक छोर पर सौरभ बास ने शानदार संयम और धैर्य का परिचय दिया। उन्होंने नाबाद 60 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई।

सौरभ बास को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शिवम सैनी को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ का खिताब दिया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इवेंट मैनेजर हरेंद्र आर्य ने बताया कि डेढ़ महीने तक चले इस टूर्नामेंट ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच दिया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिन गुप्ता, चेरब जैन, अशोक चौहान, अनुराग राठी और सरिता शर्मा मौजूद रहे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता निशानेबाज अनित चौधरी, इंद्रपाल बेदी, शील चंद सैनी, मनोज देशवाल और अमित धीमान ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सचिन शर्मा, मनोज शर्मा, अजय सकलानी, बैजराम, पल्लवी, मेघा, प्राची सेठी, विवेक मांगलिक, सुमित शर्मा, अंकित सिंह, मोहित लाल, अभिनव देशवाल और शौर्य सैनी का विशेष योगदान रहा।