

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की गढ़वाली कॉलोनी में नगर निगम कर्मचारी बनकर आए दो बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर सोने के जेवर और नकदी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने रायपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी गली नंबर-3 निवासी गीता काला ने बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली रहती हैं। रविवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दो युवक नगर निगम कर्मचारी बनकर घर पहुंचे और आधार कार्ड दिखाने के बहाने दरवाजा खुलवाया।
घर में घुसते ही आरोपियों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने नकदी की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने बुजुर्ग महिला के हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके हाथ और पैरों में चोटें आईं।
आरोप है कि बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी और घर में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने रायपुर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को उसकी पहचान सत्यापित किए बिना घर के भीतर प्रवेश न दें, भले ही वह किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी होने का दावा करे।
