वनकर्मियों पर ग्रामीण से मारपीट का आरोप, विरोध में युवक चौकी की छत पर चढ़ा

रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ढेला रेंज में तैनात वनकर्मियों पर एक ग्रामीण के साथ मारपीट का आरोप लगा है। घटना के विरोध में पीड़ित का भतीजा ढेला वन चौकी की छत पर चढ़ गया और आरोपित वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई व निलंबन की मांग करने लगा। सूचना पर पहुंचे वन अधिकारियों, पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने काफी समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार, ढेला गांव निवासी शिव गिरी और वन गुर्जर नन्दू जंगल किनारे जलौनी लकड़ी लेने गए थे। इस दौरान एक वन आरक्षी और दो दैनिक कर्मियों ने उन्हें पकड़कर ढेला वन चौकी ले गए, जहां वन अधिनियम के तहत चालान कर जुर्माना वसूला गया। आरोप है कि इसके बाद वनकर्मियों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलने पर शिव गिरी का भतीजा चंदन गिरी पेट्रोल लेकर वन चौकी की छत पर चढ़ गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी रेंज कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीणों ने एक महिला वनकर्मी पर अभद्रता और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों, वन विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्थिति को संभालते हुए युवक को नीचे उतारा। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपित वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कॉर्बेट के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।