माधवपुर फायरिंग मामले में आरोपित पक्ष ने दी सफाई, वीडियो को बताया एडिटेड

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर में फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपित पक्ष ने पत्रकारों के सामने अपनी सफाई दी। उवेश ने वायरल वीडियो को एडिटेड बताते हुए दावा किया कि वीडियो में जिस वस्तु को राइफल बताया जा रहा है, वह वास्तव में स्टील का पाइप है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उवेश ने बताया कि ग्राम प्रधान पक्ष के साथ उनका विवाद चल रहा है और प्रधान की ओर से कराए गए कार्यों की जानकारी के लिए उन्होंने आरटीआई लगाई है। इन कार्यों की जांच के लिए अधिकारी कई बार गांव पहुंच चुके हैं, जिसके चलते प्रधान पक्ष उनसे खुन्नस रखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि दो दिन पूर्व उनका भाई पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था, तभी प्रधान पक्ष के कुछ लोगों ने उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी। भाई को बचाने पहुंचे उवेश के साथ भी मारपीट की गई और दूध की कैन से हमला किए जाने से उनके सिर में चोट आई। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद प्रधान पक्ष के लोग धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर उनके तथा साथियों की ओर दौड़े, जिसके चलते उन्हें मौके से भागना पड़ा। उवेश ने स्पष्ट किया कि उनके पक्ष की ओर से कोई गोली नहीं चलाई गई। उन्होंने वायरल वीडियो की वास्तविकता सामने लाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।