मदरहुड विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया गोल्ड प्लस ग्लास इंडस्ट्रीज का औद्योगिक भ्रमण

रुड़की। मदरहुड विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन संकाय द्वारा विद्यार्थियों को औद्योगिक जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से गोल्ड प्लस ग्लास इंडस्ट्रीज, रुड़की का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने मानव संसाधन, उत्पादन, विपणन एवं पैकेजिंग विभागों का प्रत्यक्ष अवलोकन कर विभिन्न प्रक्रियाओं को समझा। कुलपति ने कहा कि इस तरह के भ्रमण विद्यार्थियों के सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें भविष्य के करियर के लिए तैयार करते हैं। डीन वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन संकाय डॉ. पी.के. अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक परिस्थितियों को समझने और अपने ज्ञान को व्यवहार में लागू करने का अवसर मिलता है।

मानव संसाधन विभाग के प्रमुख जॉनी सैनी एवं अमन ने विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत में प्रवेश, एचआर क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और आवश्यक व्यावसायिक कौशल की जानकारी दी। उत्पादन विभाग के प्रमुख उत्तम अग्रवाल ने व्यावहारिक अनुभव के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान गोल्ड प्लस ग्लास इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक सुरेश त्यागी ने विद्यार्थियों से संवाद कर अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उद्योग प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कार्य संस्कृति, टीम भावना और रोजगार की संभावनाओं को भी समझा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संकाय के शिक्षकों एवं आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।