

देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। चकराता निवासी एक युवक ने त्यूणी निवासी महिला को तमंचे से गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार त्यूणी निवासी संगीता कल्याणपुर में किराए के कमरे में अपने दो बच्चों के साथ रहती थी। घटना के समय दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। इसी दौरान चकराता निवासी कमलेश वहां पहुंचा और संगीता को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली।
सूचना मिलते ही विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाने के साथ घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
