निजी स्कूल प्रबंधक पर छात्र से दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तार

देहरादून। एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र के साथ स्कूल प्रबंधक द्वारा कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब कई दिनों से डरे-सहमे और गुमसुम रहने वाले छात्र ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। शिकायत मिलने पर प्रेमनगर पुलिस ने आरोपी प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार छात्र पिछले काफी समय से चुपचाप रहने लगा था। वह न तो परिवार के लोगों से खुलकर बात कर रहा था और न ही स्कूल जाने की इच्छा जता रहा था। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य व्यवहार समझा, लेकिन लगातार उसके बदले हुए स्वभाव को देखकर उन्होंने उससे बातचीत की। काफी समझाने-बुझाने के बाद छात्र ने आरोप लगाया कि स्कूल के प्रबंधक ने उसके साथ अश्लील हरकत और गलत काम किया।

बेटे की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल प्रेमनगर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। मामले को गंभीर बताते हुए अभिभावक संघ ने कहा कि जिस व्यक्ति पर बच्चों की सुरक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी होती है, उसी पर ऐसे आरोप लगना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पीड़ित छात्र का बयान दर्ज करने के साथ मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।