


श्यामपुर। नजीबाबाद-हरिद्वार हाईवे पर मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, ललकार (28) पुत्र भूतनाथ और नागेश पुत्र अशोक निवासी चंडीघाट थाना श्यामपुर अपने रिश्तेदार रुस्तम नाथ पुत्र गोपीनाथ निवासी माजा (पंजाब) के साथ मोटरसाइकिल से चिड़ियापुर से चंडीघाट लौट रहे थे। गैंडीखाता के पास एक वाहन को ओवरटेक करते समय बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने ललकार को मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि घायल नागेश और रुस्तम का इलाज जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
