


रुड़की। रामपुर क्षेत्र में संचालित जन सेवा केंद्रों (CSC) पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। संयुक्त मजिस्ट्रेट के औचक निरीक्षण में केंद्र पर गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र पर शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। मौके पर अनिवार्य ई-डिस्ट्रिक्ट रजिस्टर और जरूरी सरकारी अभिलेख उपलब्ध नहीं थे। साथ ही ट्रांजेक्शन और आवेदनों का कोई व्यवस्थित रिकॉर्ड भी नहीं रखा गया था। केंद्र के संचालन में कई तकनीकी और प्रशासनिक खामियां उजागर हुईं।

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने केंद्र को अग्रिम आदेशों तक सील करने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि जन सेवा केंद्र आम जनता की सुविधा के लिए बनाए गए हैं और यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शिता बनाए रखने और सरकारी सेवाओं में किसी भी तरह की हेराफेरी रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य जन सेवा केंद्र संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
