किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू टोडा का तहसील में धरना, आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

रुड़की। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टोडा) ने मंगलवार को तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने ऊर्जा निगम कार्यालय से तहसील तक पैदल मार्च निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद आठ सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन एएसडीएम को सौंपते हुए समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। संगठन ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप लगाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा ने कहा कि किसान और आम आदमी लंबे समय से विभागीय समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने चकबंदी विभाग में छोटे किसानों को परेशान किए जाने, चीनी मिलों से बकाया भुगतान दिलाने, छोटे बिजली बिलों को लेकर किसानों को परेशान न करने और गांवों में स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष नाजिम अली ने लेखपालों पर दाखिल-खारिज तथा आय, जाति और स्थायी निवास प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर धन मांगने के आरोप लगाते हुए व्यवस्था सरल करने की मांग की। साथ ही एआरटीओ विभाग में अवैध वसूली रोकने और खाद्य आपूर्ति विभाग में राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया सुगम करने की मांग उठाई गई। ज्ञापन में जल निकासी की समुचित व्यवस्था समेत आठ मांगें शामिल थीं। संगठन ने सभी संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारियों और किसान यूनियन की बैठक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कराने की मांग की। चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो हरिद्वार रोड पर तहसील के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान इकबाल प्रधान, मुबारिक अली, परवेज, राजबीर, खलील, शौकत, रिजवान, गफ्फार, मनोज पाल, अर्जुन सैनी, बिजेंद्र शर्मा, रवि कुमार, आमिर, मुरसलीन, मंगल सिंह, आबाद, साईंम, उस्मान मास्टर, रविकांत धनगर, प्रवीण धनगर, कारी साबिर, विनीत, करण आदि मौजूद रहे।