कार की टक्कर से व्यक्ति की मौत, अस्पताल छोड़कर चालक फरार

हरिद्वार: नगर कोतवाली क्षेत्र में रेलवे गेट नंबर-6 के सामने कार की टक्कर से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक घायल को स्वयं अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार रात की है। रेलवे गेट नंबर-6 के सामने एक कार ने व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिसकी सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि गुजरात नंबर की कार का चालक घायल को मेला अस्पताल लेकर गया था।

जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो चालक वहां नहीं मिला। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि चालक घायल को भर्ती कराकर चला गया था। चिकित्सकों ने जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।

सिटी सर्किल अधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर वाहन और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।