ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान राजस्थान का युवक डूबा, एसडीआरएफ चला रही सर्च अभियान

ऋषिकेश। परिवार के साथ राजस्थान से ऋषिकेश घूमने आए एक युवक के गंगा नदी में डूब जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया।

एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि थाना मुनि की रेती क्षेत्र के साईं घाट पर स्नान के दौरान एक युवक के गंगा नदी में डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

उन्होंने बताया कि युवक की तलाश के लिए नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स और रेस्क्यू कर्मी संभावित स्थानों पर गहन सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।

डूबने वाले युवक की पहचान श्याम (20) पुत्र सवाई जागीर निवासी चंद कॉलोनी, दीनाला नाडा, जोधपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिजनों के साथ ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में घूमने आया था और गंगा स्नान के दौरान हादसे का शिकार हो गया।

समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था और एसडीआरएफ द्वारा तलाश अभियान जारी था। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से गंगा में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।