हाईकोर्ट ने जारी किए न्यायिक अधिकारियों के तबादले, हरिश कुमार गोयल बने देहरादून के जिला जज

नैनीताल: उत्तराखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित अधिसूचना जारी की है। इसके तहत पौड़ी गढ़वाल के परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिश कुमार गोयल का तबादला कर उन्हें तत्काल प्रभाव से देहरादून का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। यह पद लंबे समय से रिक्त था।

अधिसूचना के अनुसार, नैनीताल के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को एनडीपीएस विशेष न्यायालय, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं देहरादून की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय, देहरादून तथा तृतीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विवेक श्रीवास्तव को विशेष न्यायालय-2 (एनडीपीएस), देहरादून का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।

इसी क्रम में ऊधमसिंह नगर की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनीता गुंजियाल को विशेष पॉक्सो न्यायालय, ऊधमसिंह नगर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इसके अलावा हाईकोर्ट ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी), हरिद्वार में विधि सलाहकार के पद के लिए हरिश कुमार गोयल के नाम की संस्तुति राज्य सरकार को भेजी है। साथ ही हरिद्वार के पंचम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण वोहरा को विधि सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार देने की भी सिफारिश की गई है। इन दोनों नियुक्तियों पर अंतिम निर्णय राज्य सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रभावी होगा।