इंस्टाग्राम रील से खुली 10 लाख की ज्वेलरी चोरी, पूर्व घरेलू सहायिका गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी में इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक रील ने करीब एक साल पुरानी 10 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी का राज खोल दिया। राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क स्थित सिक्का किमाया ग्रीन निवासी नितिशा वत्स के घर से चोरी हुए हीरे और सोने के आभूषणों के मामले में पुलिस ने उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला (34) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, नितिशा वत्स ने एक जुलाई 2026 को राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती गहने गायब हो गए थे। उस समय उन्हें लगा कि आभूषण कहीं रख दिए होंगे या किसी रिश्तेदार को दिए होंगे, इसलिए चोरी का संदेह नहीं हुआ।

मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब एक परिचित ने बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला ने इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर रील और तस्वीरें साझा की हैं। रील देखने पर नितिशा ने हार को अपना पहचान लिया और पुलिस से शिकायत की।

एसएसपी के निर्देश पर गठित राजपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर जोहड़ी रोड से विमला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठियां, एक सोने का पेंडेंट तथा एक ओप्पो मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में विमला ने बताया कि घरेलू सहायिका के रूप में काम करते समय उसने घर के लॉकर में रखे महंगे आभूषण देखे थे। मौका मिलने पर उसने गहने चोरी कर लिए और बाद में मालकिन को यह विश्वास दिलाया कि शायद उन्होंने ही गहने कहीं और रख दिए हैं। महंगे हीरे के आभूषण होने के कारण वह उन्हें बेच नहीं सकी और खरीदार की तलाश करती रही। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर बनाई गई रील उसके खिलाफ सबसे बड़ा सबूत बन गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए बरामद आभूषण जब्त कर लिए हैं। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।