


रुड़की। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर गंगा घाट में शनि देव महाराज का स्थापना उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। धार्मिक आयोजन की शुरुआत शनि देव की प्रतिमा के पवित्र स्नान से हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना, हवन और यज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
अनुष्ठान के पूर्ण होने के बाद मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और भक्तजन भक्ति रस में झूमते नजर आए।

कार्यक्रम का समापन शनि देव महाराज की भव्य आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य पुजारी पंडित राम गोपाल पाराशर, लव कुश पाराशर, मंदिर समिति के अध्यक्ष सुभाष सरीन, सचिव प्रमोद जौहर सहित अनेक गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली।
