हत्या के प्रयास मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, युवक पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहे शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर एक युवक को घर से बुलाकर उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 11 मई 2026 को सैनिक कॉलोनी निवासी कमलेश पत्नी स्वर्गीय श्यामलाल ने कोतवाली गंगनहर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 3-4 युवक उनके नाती एकांश को घर से बाहर बुलाकर अपने साथ ले गए और उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। विवेचना के दौरान चिकित्सकीय रिपोर्ट और डॉक्टर के बयानों के आधार पर मुकदमे में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं को भी जोड़ा गया।

जांच के दौरान सैनिक कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय प्रथम उर्फ मनु पुत्र भूपेंद्र का नाम सामने आया। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बढ़ते पुलिस दबाव के चलते आरोपी स्वयं कोतवाली गंगनहर पहुंच गया, जहां पूछताछ के बाद उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान, हेड कांस्टेबल संदीप यादव और कांस्टेबल पवन नेगी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।