पुरानी ऑडियो दोबारा प्रसारित करने की शिकायत, जांच की मांग

पिरान कलियर। दरगाह से जुड़ी पुरानी ऑडियो और अन्य सामग्री को सोशल मीडिया व न्यूज पोर्टलों पर बार-बार प्रसारित किए जाने की शिकायत एक स्थानीय निवासी ने जिलाधिकारी हरिद्वार से की है। शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पिरान कलियर निवासी मुनताज ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि दरगाह से संबंधित एक पुरानी ऑडियो पहले भी सोशल मीडिया और विभिन्न न्यूज पोर्टलों पर प्रसारित हो चुकी है। उनके अनुसार, इस प्रकरण की जांच और पुलिस कार्रवाई की प्रक्रिया पहले से चल रही है। इसके बावजूद संबंधित ऑडियो और अन्य सामग्री को दोबारा सार्वजनिक किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि जांचाधीन मामले से जुड़ी सामग्री को बार-बार प्रसारित किए जाने से आम लोगों के बीच दरगाह कार्यालय और वहां तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।

शिकायतकर्ता ने मामले में एक पूर्व कर्मचारी और कथित पत्रकार की भूमिका की भी जांच कराने का अनुरोध किया है। पत्र में पूर्व कर्मचारी के निलंबन और ठेकेदारों से कथित तौर पर धनराशि मांगने संबंधी आरोपों का भी उल्लेख किया गया है। वर्ष 2021 में पूर्व कर्मचारी के निलंबन का भी जिक्र किया गया है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि जांचाधीन प्रकरण से संबंधित सामग्री बार-बार सार्वजनिक होने से संबंधित लोगों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा सकता है।

उन्होंने जिलाधिकारी से ऑडियो और अन्य प्रसारित सामग्री की सत्यता की जांच कराने तथा आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।