शिक्षक राष्ट्र निर्माता : रोटरी क्लब रूड़की एलीट ने शिक्षकों व विद्यार्थियों को किया सम्मानित

रोटरी क्लब रूड़की एलीट की ओर से शिवालिक पब्लिक स्कूल, डंडेरा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य उर्मिला पुंडीर एवं गीता बिष्ट, पीजीटी इतिहास को नेशन बिल्डर अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दो विद्यार्थियों वेदांत शर्मा, कक्षा 12वीं एवं शिवी अत्री, कक्षा 10वीं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्लब सदस्यों ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और विद्यार्थियों के कौशल एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जिस प्रकार कच्ची मिट्टी को सुंदर मूर्ति का स्वरूप देने का श्रेय शिल्पकार को जाता है, उसी प्रकार विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण तथा उन्हें सफल व्यक्ति एवं सशक्त व्यक्तित्व के रूप में विकसित करने का श्रेय शिक्षक को जाता है। टीचर्स डे पर भी हम सब मिल कर उनके प्रति कृतज्ञता दिखाते है। प्रधानाचार्य उर्मिला पुंडीर ने बताया कि जिस प्रकार एक विशाल एवं उपयोगी वृक्ष के लिए पहले बीज बोया जाता है और फिर उसकी निरंतर देखभाल की जाती है, उसी प्रकार शिक्षक विद्यार्थियों में मौजूद प्रतिभा एवं गुणों को निरंतर निखारते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। पीयूष गर्ग ने कहा कि शिक्षक बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए नैतिक मूल्यों का ज्ञान देते हैं। यही मूल्य उनके जीवन को सहज बनाने तथा सही मार्ग पर आगे बढ़ने में सहायक होते हैं। इस अवसर पर शिवालिक पब्लिक स्कूल, रूड़की में इंटरैक्ट क्लब के गठन की घोषणा भी अध्यक्ष नीता मित्तल द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि इंटरैक्ट क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी एवं टीम भावना का विकास होगा। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को शिक्षा एवं सामाजिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं। कार्यक्रम में क्लब सचिव रमा गुप्ता, क्लब कोषाध्यक्ष वर्णित अग्रवाल, अनिरुद्ध गोयल, शिव चरण पुंडीर, प्रीति अग्रवाल, अंजलि गर्ग, तरु गोयल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।