


सिडकुल। गांव रावली महदूद में ऊर्जा निगम की कथित लापरवाही सामने आई है। यहां एक बिजली का ट्रांसफार्मर बेहद अव्यवस्थित और खतरनाक तरीके से लगाए जाने के कारण स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर से जुड़े हाई-वोल्टेज बिजली के भारी तार नीचे की ओर लटक रहे हैं और कई स्थानों पर लगभग जमीन को छू रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि सड़क पर जलभराव होने के कारण इन तारों से पानी में करंट फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। इससे यहां से गुजरने वाले राहगीरों और पशुओं की जान जोखिम में पड़ गई है।

स्थानीय निवासी सचिन नेहरा ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर वह कई बार ऊर्जा निगम को लिखित और मौखिक शिकायत दे चुके हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है और लटकते तारों की वजह से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर और बिजली तारों की समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
स्थानीय जनता का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
