हरिद्वार हाईवे पर दो बाइकों की टक्कर, दो महिलाओं समेत चार घायल

रुड़की, हरिद्वार-हाईवे पर बिझौली कट स्थित अब्दुल कलाम चौक के पास बुधवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 10:51 बजे सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर दो बाइकें क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। पूछताछ में पता चला कि एक बाइक पर विशाल और उनकी पत्नी मुन्नी, निवासी एनएच-3, कोटला मुबारकपुर, दिल्ली सवार थे। दूसरी बाइक पर अनुज कुमार और उनकी 23 वर्षीय पत्नी संजू, निवासी मोदीपुरम शुगर मिल, मेरठ सवार थे।

हादसे में चारों लोग घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए एंबुलेंस से सभी घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से थाने में खड़ा करा दिया है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।