

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में कार्यरत अस्थायी कर्मियों ने नियमितीकरण और मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आवाज उठाई है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि पांच दिन के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मचारी हड़ताल, भूख हड़ताल और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
संघ ने कहा कि विश्वविद्यालय में कई कर्मी पिछले 10 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया गया है। संघ ने लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मियों को नियमित करने और दैनिक वेतन बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।
