

नैनीताल। नैनीताल हाईकोर्ट द्वारा वन विभाग के प्रधान सचिव को अवमानना नोटिस जारी किए जाने के एक सप्ताह बाद राज्य सरकार ने नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक पद से आईएफएस अधिकारी पंकज कुमार के तबादले का आदेश वापस ले लिया है।
मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता एवं न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ के समक्ष हुई सुनवाई में राज्य के अधिवक्ता ने बताया कि सरकार ने तबादला आदेश निरस्त कर दिया है। अदालत ने इस तथ्य को रिकॉर्ड पर लेते हुए अवमानना याचिका की अगली सुनवाई के लिए 11 सितंबर 2026 की तिथि निर्धारित की है।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने पहले ही आईएफएस पंकज कुमार के पक्ष में “नो मूवमेंट” यानी स्थानांतरण न किए जाने का आदेश पारित किया था। इसके बावजूद राज्य सरकार ने अप्रैल 2026 में उनके तबादले का आदेश जारी कर दिया था। पंकज कुमार द्वारा आदेश वापस लेने का अनुरोध किए जाने के बाद भी सरकार ने कार्रवाई नहीं की थी, जिसके बाद मामला अदालत पहुंचा।
तबादला आदेश निरस्त होने के बाद आईएफएस पंकज कुमार नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक पद पर बने रहेंगे।
