दो दिन से शुष्क मौसम के बीच गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी

देहरादून। प्रदेश में बीते दो दिनों से मौसम शुष्क बने रहने के कारण गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। तेज धूप के चलते मैदानों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रविवार के बाद सोमवार को भी प्रदेशभर में मौसम साफ रहा और दिनभर चटक धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह गर्मी और उमस का असर देखने को मिला।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 14 जुलाई को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, पर्वतीय जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है। देहरादून में अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई तक प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है।