

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने लोअर पीसीएस-2024 के साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया है। पहले चरण के साक्षात्कार 27 जुलाई से शुरू होकर तीन सितंबर तक आयोजित किए जाएंगे।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि मुख्य परीक्षा 13 और 14 सितंबर 2024 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 27 मार्च 2026 को घोषित किया गया। सफल 406 अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया 18 से 21 मई के बीच संपन्न हुई। सत्यापन के बाद 328 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अर्ह पाया गया है, जबकि शेष अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच जारी है। उनकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय शैक्षिक प्रमाण पत्र, आरक्षण एवं निवास संबंधी दस्तावेज, पहचान पत्र तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। साक्षात्कार से पूर्व सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 80 रुपये तथा एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 30 रुपये शुल्क आयोग कार्यालय में जमा कराना होगा।
