

हरिद्वार। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने तलतारौ पुल से वाल्मीकि चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए 105 अवैध अतिक्रमण हटाए गए।
प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए सड़क और फुटपाथ पर रखा सामान स्वयं ही समेटना शुरू कर दिया। वहीं, कुछ लोगों के सामान छोड़कर मौके से चले जाने पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। टीम ने सड़क और फुटपाथ पर सामान रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को आमजन के आवागमन के लिए सुगम बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।
