दूनवासियों को ई-बस सेवा के लिए करना पड़ेगा दो माह और इंतजार

देहरादून। राजधानी देहरादून में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा शुरू होने में अभी करीब दो माह और लग सकते हैं। तैयारियों और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर का काम पूरा नहीं होने के कारण सितंबर से प्रस्तावित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन फिलहाल टलता नजर आ रहा है। ऐसे में दूनवासियों को हाईटेक इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।

बताया जा रहा है कि बसों के संचालन से जुड़े सिविल और विद्युत कार्य समय पर पूरे नहीं हो सके हैं। मानसून के कारण निर्माण कार्य प्रभावित होने से कई काम लंबित हो गए। इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार न होने को बस सेवा शुरू होने में देरी की प्रमुख वजह माना जा रहा है।

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत देश के 100 से अधिक शहरों में प्रदूषणमुक्त सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने की पहल की है। योजना के तहत राज्यों को इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि बसों के संचालन, चार्जिंग स्टेशन, डिपो और रखरखाव की व्यवस्था सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर विकसित की जा रही है।

उत्तराखंड में पहले चरण में देहरादून और हरिद्वार को योजना में शामिल किया गया है। देहरादून के लिए 100 आधुनिक एसी इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी गई है। इन बसों का चरणबद्ध तरीके से शहर के प्रमुख मार्गों पर संचालन प्रस्तावित है। हालांकि, इंफ्रास्ट्रक्चर का काम पूरा होने में देरी के चलते अब सेवा शुरू होने की समयसीमा आगे बढ़ती दिखाई दे रही है।