नीट यूजी पेपर लीक पर भड़के नेता प्रतिपक्ष, बोले- युवाओं के सपनों के साथ हो रहा खिलवाड़

देहरादून। नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर उत्तराखंड समेत पूरे देश में युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने परीक्षा रद्द किए जाने को युवाओं के सपनों के साथ बड़ा मजाक करार दिया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक यह साबित करते हैं कि भाजपा सरकारें युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीति और नीयत दोनों सवालों के घेरे में हैं।

यशपाल आर्य ने कहा कि हर बार केवल दिखावटी जांच, बड़ी घोषणाएं और खोखले आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता। उन्होंने सरकार से आत्ममंथन करने की बात कहते हुए सवाल उठाया कि क्या देश के युवाओं के साथ वास्तव में न्याय हो रहा है।

उन्होंने कहा कि नीट यूजी परीक्षा रद्द होने से देशभर के करीब 23 लाख छात्र-छात्राओं को दोबारा परीक्षा देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इसके लिए उन्हें देश के 552 शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों तक फिर से यात्रा करनी होगी, जिससे लाखों लीटर पेट्रोल-डीजल की अतिरिक्त खपत होगी और करोड़ों रुपये का आर्थिक बोझ भी पड़ेगा।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बार-बार होने वाले पेपर लीक से युवाओं का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है और सरकार को इस दिशा में सख्त एवं प्रभावी कदम उठाने चाहिए।